नर्मदापुरम। गरीबों के राशन में ऐसा खेल सामने आया है, जहां सरकारी रिकॉर्ड में हजारों किलो गेहूं-चावल का वितरण हो गया, लेकिन मौके पर जांच हुई तो स्टॉक लगभग गायब मिला। भौतिक सत्यापन में करीब 1.04 करोड़ रुपए के खाद्यान्न गबन का मामला सामने आने के बाद राशन दुकान प्रबंधक प्रकाश तिवारी और विक्रेता हर्ष तिवारी, दोनों पिता-पुत्र के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में दुकान क्रमांक 2601055 के ई-पॉस रिकॉर्ड में 14,070 किलो गेहूं और 3,406 किलो चावल दर्ज था। मौके पर केवल 300 किलो गेहूं और 100 किलो चावल मिला। इससे करीब 33.17 लाख रुपए की गड़बड़ी सामने आई।
दूसरी दुकान क्रमांक 2601065 में रिकॉर्ड के अनुसार 20,757 किलो गेहूं और 4,919 किलो चावल होना चाहिए था, लेकिन जांच के दौरान महज 400 किलो गेहूं और 200 किलो चावल मिला। यहां करीब 70.82 लाख रुपए की गड़बड़ी सामने आई।
मामले का एक गंभीर पहलू यह भी है कि रिकॉर्ड में मई 2025 में ही जून से अगस्त तक का राशन वितरित होना दर्शा दिया गया, जबकि करीब 250 से 300 परिवारों को तीन महीने तक राशन नहीं मिलने की बात सामने आई।
प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी सरोज सिंह परिहार ने 28 सितंबर 2026 को FIR के निर्देश जारी किए। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अमित साहू ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों से ₹1,03,99,851 की वसूली भू-राजस्व की तरह किए जाने के निर्देश हैं। दोनों दुकानों को निलंबित कर हितग्राहियों को जय भोले और बालागंज उपभोक्ता भंडार से जोड़ा गया है।

एक टिप्पणी भेजें