नई दिल्ली । बौद्धिक प्रतिकार
यूपीआई पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्र की नई UPI व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा का कहना है कि जिस MDR आधारित राजस्व मॉडल का राहुल गांधी विरोध कर रहे हैं, उसकी जरूरत का उल्लेख संसदीय वित्त संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट में किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक समिति में कांग्रेस के पांच सांसद—पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, मनीष तिवारी, गौरव गोगोई, किशोरी लाल और के. गोपीनाथ—शामिल थे। भाजपा सूत्रों का दावा है कि 12 अगस्त को रिपोर्ट अपनाए जाने के दौरान कोई असहमति दर्ज नहीं की गई थी। समिति ने UPI के लिए स्तरीय और टिकाऊ राजस्व मॉडल की जरूरत बताई थी, खासकर अधिक मूल्य वाले लेनदेन के लिए कैलिब्रेटेड MDR का सुझाव दिया था।
समिति ने UPI इकोसिस्टम की अनुमानित करीब 20,700 करोड़ रुपये की परिचालन लागत और सरकार के करीब 2,000 करोड़ रुपये के बजटीय आवंटन के अंतर का भी उल्लेख किया था। उसका तर्क था कि लंबे समय तक केवल सरकारी प्रोत्साहन पर निर्भर रहने से साइबर सुरक्षा और तकनीकी ढांचे में निवेश प्रभावित हो सकता है।
वहीं राहुल गांधी नई व्यवस्था को ‘UPI टैक्स’ बताते हुए इसका विरोध कर रहे हैं। केंद्र का कहना है कि MDR टैक्स नहीं है और ग्राहकों से सीधे शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यानी विवाद अब सिर्फ UPI शुल्क का नहीं, बल्कि कांग्रेस की पुरानी संसदीय सिफारिश और उसके मौजूदा राजनीतिक विरोध के बीच अंतर का भी बन गया है।

एक टिप्पणी भेजें