इंदौर। शहर में प्रस्तावित T20 मुकाबले को लेकर टिकटों की बिक्री के नाम पर ऑनलाइन ठगी का खतरा बढ़ गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ लोग बल्क में टिकट उपलब्ध कराने और बुकिंग कराने के दावे कर रहे हैं। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) ने ऐसे दावों को गलत बताते हुए क्रिकेट प्रेमियों को सावधान रहने की अपील की है।
MPCA के मुताबिक मैच की टिकट बिक्री और उपलब्धता को लेकर अधिकृत जानकारी केवल एसोसिएशन तथा अधिकृत टिकटिंग माध्यमों से ही जारी की जाएगी। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत नंबर, लिंक या अन्य माध्यमों से टिकट उपलब्ध कराने के दावों पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।
ऑनलाइन ठगी करने वाले लोग अक्सर लोकप्रिय खेल मुकाबलों की मांग का फायदा उठाकर नकली टिकट, फर्जी बुकिंग लिंक या एडवांस भुगतान के नाम पर रकम मांगते हैं। भुगतान के बाद टिकट नहीं मिलने पर रकम वापस पाने में भी परेशानी हो सकती है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि टिकट आखिर कहां से खरीदी जाए? इसके लिए किसी अनजान सोशल मीडिया अकाउंट या व्यक्ति से संपर्क करने के बजाय MPCA की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना जरूरी है। टिकट बिक्री शुरू होने पर अधिकृत प्लेटफॉर्म और प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
MPCA ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर चल रहे बल्क टिकट उपलब्ध कराने के दावे को आधिकारिक सूचना न माना जाए। मैच को लेकर उत्साह के बीच साइबर ठगों से बचने के लिए किसी भी लिंक पर क्लिक करने या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करना जरूरी है।

Post a Comment