लाहौर। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान ऑनलाइन बेटिंग और गैंबलिंग से जुड़े मामले की जांच के बीच सुर्खियों में हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, रिजवान ने अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से मीडिया के सामने आने की अनुमति मांगी थी, लेकिन बोर्ड ने उनकी दोनों अर्जियां खारिज कर दीं। रिजवान ने पिछले सप्ताह दो बार मीडिया से बातचीत की अनुमति मांगी थी।
रिजवान इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान लॉर्ड्स टेस्ट के बाद बीच दौरे से पाकिस्तान लौटे थे। इसके बाद उनके और बल्लेबाज इमाम-उल-हक के मोबाइल फोन जांच के लिए जब्त किए गए। दोनों से पाकिस्तान की National Cyber Crime Investigation Agency (NCCIA) ने पूछताछ की है। जांच ऑनलाइन बेटिंग और कथित सट्टेबाजी गतिविधियों से जुड़े आरोपों के सिलसिले में चल रही है।
रिपोर्टों के अनुसार, रिजवान जांच को लेकर अपना पक्ष सार्वजनिक करना चाहते थे और मामले में चल रही अटकलों पर स्पष्टीकरण देना चाहते थे। हालांकि PCB की अनुमति नहीं मिलने से वह मीडिया के सामने नहीं आ सके।
इस बीच लाहौर हाईकोर्ट ने NCCIA की जांच रोकने की रिजवान की याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने जांच जारी रखने की अनुमति दी, लेकिन एजेंसी को उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने का निर्देश दिया। फिलहाल रिजवान के खिलाफ किसी अपराध में दोष सिद्ध नहीं हुआ है।

Post a Comment