बौद्धिक प्रतिकार | नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे संगठनात्मक विवाद के बीच निर्वाचन आयोग ने अंतरिम आदेश जारी कर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) के नाम और उसके आरक्षित ‘फूल और घास’ चुनाव चिन्ह पर रोक लगा दी है। आयोग ने कहा है कि फिलहाल दोनों प्रतिद्वंद्वी गुट पार्टी के नाम या इसी चुनाव चिन्ह का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
यह फैसला 6 अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों से पहले आया है। दोनों गुटों ने इन सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं और खुद को असली तृणमूल कांग्रेस बताया है। आयोग के मुताबिक दोनों पक्षों के दावों पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।
आयोग ने दोनों गुटों से 18 सितंबर सुबह 11 बजे तक तीन-तीन वैकल्पिक नाम और तीन-तीन मुक्त चुनाव चिन्ह प्राथमिकता के क्रम में देने को कहा है। इनमें से आयोग प्रत्येक गुट के लिए एक नाम और एक चुनाव चिन्ह मंजूर करेगा। जरूरत पड़ने पर नए नाम में मूल पार्टी ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ से संबंध का उल्लेख किया जा सकता है।
विवाद का अंतिम निपटारा चुनाव चिन्ह (आरक्षण एवं आवंटन) आदेश, 1968 के पैरा 15 के तहत किया जाना है। आयोग ने फिलहाल दोनों पक्षों को समान स्थिति में रखते हुए यह अंतरिम व्यवस्था लागू की है।
यानी यह स्थायी रूप से TMC का नाम या चिन्ह रद्द करना नहीं है। अंतिम फैसला आने तक दोनों गुटों को उपचुनाव में अलग-अलग नाम और अलग-अलग चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में उतरना होगा।

Post a Comment