नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने अगले सप्ताह सुनवाई के लिए मामला सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि चुनाव आयोग के कुछ महत्वपूर्ण फैसले अन्य दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की सहमति के बिना लिए गए।
वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष मामले की जल्द सुनवाई का अनुरोध किया। अदालत ने इसे अगले सप्ताह सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया। याचिका में यह सवाल उठाया गया है कि क्या संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत चुनाव आयोग को मिली सामूहिक शक्तियों का इस्तेमाल अकेले CEC कर सकते हैं।
याचिका में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) समेत मतदाता सूची से जुड़े फैसलों का उल्लेख है। इसमें हालिया मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले करीब 10 महीनों में कम से कम 14 मौकों पर आपत्ति दर्ज की थी। याचिकाकर्ता ने आयोग के संबंधित रिकॉर्ड, फाइल और नोटिंग सुरक्षित रखने तथा आरोपों की जांच की मांग भी की है।
हालांकि, चुनाव आयोग ने आंतरिक मतभेद की व्याख्या अलग तरीके से की है। आयोग का कहना है कि उसके फैसले निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए गए और SIR से जुड़े अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से हुए।
अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में मुख्य सवाल यही होगा कि आयोग के तीन-सदस्यीय ढांचे में निर्णय लेने की संवैधानिक और वैधानिक प्रक्रिया का पालन किस तरह हुआ और याचिका में लगाए गए आरोपों की न्यायिक जांच की जरूरत है या नहीं।

एक टिप्पणी भेजें