Top News

एमपी बीजेपी के चार नेताओं को दूसरे राज्यों की बड़ी जिम्मेदारी, भदौरिया से पटेल तक चारों को राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने 23 सितंबर को 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा की। इस फेरबदल में मध्यप्रदेश के चार नेताओं को भी प्रदेश से बाहर महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें अरविंद भदौरिया, कविता पाटीदार, लाल सिंह आर्य और गजेंद्र पटेल शामिल हैं।



अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ वनाथी श्रीनिवासन को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। भदौरिया मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं और अटेर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।


राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान का सह-प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में संजय भाटिया प्रभारी होंगे, जबकि पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी की भूमिका निभाएंगे।


लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह-प्रभारी बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में सुनील बंसल प्रभारी हैं। आर्य के साथ राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को भी सह-प्रभारी बनाया गया है। आर्य भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं।


वहीं गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी होंगे। पटेल खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और भाजपा संगठन में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।


इसी सूची में मध्यप्रदेश के लिए भी बदलाव किया गया है। बिप्लब कुमार देब को प्रदेश प्रभारी और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post