नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा समेत पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सात राज्यसभा सांसदों पर पहली बार खुलकर निशाना साधा है। गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने कहा कि इन सांसदों को जनता ने नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा भेजा था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनके साथ धोखा नहीं किया, लेकिन इन लोगों ने पार्टी को धोखा दिया।
केजरीवाल ने इस घटनाक्रम को पार्टी के लिए सबक बताते हुए कहा कि अब किसी व्यक्ति को राज्यसभा भेजने से पहले उसकी निष्ठा और भरोसेमंद होने की “सौ बार ठोंक-बजाकर” जांच की जाएगी। हालांकि उन्होंने अपने बयान में राघव चड्ढा का नाम सीधे नहीं लिया, लेकिन उनके साथ छह अन्य राज्यसभा सांसदों के भाजपा में जाने के संदर्भ में यह टिप्पणी की गई।
अप्रैल 2026 में राघव चड्ढा समेत सात AAP राज्यसभा सांसदों के भाजपा में जाने के बाद पार्टी के राज्यसभा में सांसदों की संख्या घटकर तीन रह गई थी। इस घटनाक्रम के बाद अब केजरीवाल का बयान AAP और उसके पूर्व सांसदों के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी को और स्पष्ट करता है।

Post a Comment