Top News

ड्रग्स के खिलाफ बड़ा मंथन, अमित शाह आज करेंगे ANTF प्रमुखों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन



नई दिल्ली। देश में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ अभियान को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार, 22 सितंबर को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय यह सम्मेलन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) आयोजित कर रहा है।


सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के साथ संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस बार चर्चा का केंद्र 2026-2029 के नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट में तय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए राज्यों और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय रहेगा।


ड्रग कार्टेल को तोड़ना, सिंथेटिक ड्रग्स और गुप्त प्रयोगशालाओं पर कार्रवाई, अवैध नशीली फसलों की खेती रोकना तथा डार्कनेट और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए होने वाली ड्रग तस्करी की जांच जैसे मुद्दे सम्मेलन के प्रमुख एजेंडे में हैं।


कार्यक्रम में अमित शाह नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले टीवी विज्ञापनों का विमोचन करेंगे। साथ ही लखनऊ और देहरादून में NCB के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले ANTF को सम्मानित करने के साथ NCB की नई वेबसाइट भी लॉन्च की जाएगी।


सम्मेलन का विषय ‘एकजुट संकल्प, साझा जिम्मेदारी’ रखा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post