Top News

नशीला पदार्थ देकर नाबालिग से तीन दिन दरिंदगी, 9 आरोपी गिरफ्तार; होटल मालिक-मैनेजर भी घेरे में

 

हैदराबाद। मेडचल-मलकजगिरी जिले में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर तीन दिनों तक यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लड़की को नशीला पदार्थ देकर अपने कब्जे में रखा और अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ कई बार यौन उत्पीड़न किया। मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।



पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, पीड़िता आरोपियों में से कुछ को पहले से जानती थी। जांच में कार, रेलवे यात्रा और होटल के कमरे में शोषण किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए भी कुछ आरोपियों से उसका संपर्क हुआ था। एक आरोपी ने कथित तौर पर नशीली दवा मिली चॉकलेट खिलाकर उसे कार में ले गया था।


पुलिस के मुताबिक, बाद में आरोपियों ने उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर बंधक बनाकर रखा। एक मौके पर वह उनके कब्जे से भागने में सफल रही और परिवार के पास पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।


मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। पुलिस ने एक ओयो होटल के मालिक और मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नाबालिग की उम्र की उचित जांच किए बिना उसे कमरा उपलब्ध कराया गया।


अब पुलिस आरोपियों के आपसी संपर्क, नशीले पदार्थों की भूमिका और होटल में नाबालिग को कमरा उपलब्ध कराने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post