मुंबई। गणेशोत्सव शुरू होने से पहले मुंबई के किंग्स सर्कल स्थित GSB सेवा मंडल के महागणपति ने अपने विराट वैभव से देशभर का ध्यान खींच लिया है। 72वें गणेशोत्सव के लिए भगवान गणेश की प्रतिमा को 66 किलो से अधिक सोने, 335 किलो चांदी और कीमती रत्नों से सजाया गया है। इस पूरे आयोजन के लिए मंडल ने रिकॉर्ड ₹703.27 करोड़ का बीमा कवर लिया है।
12 सितंबर को ‘विराट दर्शन’ के दौरान महागणपति की पहली झलक सामने आई। इस साल का गणेशोत्सव 14 से 18 सितंबर तक पांच दिनों तक चलेगा। मंडल के मुताबिक सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं वर्षों से भक्तों और सेवदारों द्वारा दान की जाती रही हैं। बढ़ती कीमतों ने भी बीमा मूल्यांकन को प्रभावित किया है।
बीमा राशि में भी लगातार बड़ा उछाल आया है। 2024 में ₹400 करोड़, 2025 में ₹474 करोड़ और 2026 में ₹703.27 करोड़—यानी दो साल में बीमा मूल्यांकन में भारी बढ़ोतरी हुई है। मंडल का कहना है कि बीमा केवल आभूषणों के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़ी अन्य सुरक्षा के लिए भी है।
भव्यता के साथ सेवा का पक्ष भी सामने है। मंडल के अनुसार रोजाना करीब 40 हजार लोगों के लिए अन्नदान और पांच दिनों में दो लाख से अधिक लोगों तक प्रसाद पहुंचाने की तैयारी है। आयोजन को पर्यावरण अनुकूल रखने के लिए ई-रसीद व्यवस्था भी अपनाई गई है।

Post a Comment