मुंबई । आयाम बजाज
दिशा सालियन की मौत का मामला छह साल बाद एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति के केंद्र में है। दिशा के पिता सतीश सालियन ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और एनसीपी (एसपी) नेता अनिल देशमुख को ₹500 करोड़ का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि उनकी बेटी के मामले में न्याय और जांच की मांग को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।
रिपोर्टों के मुताबिक सतीश सालियन ने दोनों नेताओं से अपने कथित बयानों को वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए सात दिन का समय दिया है। ऐसा नहीं होने पर ₹500 करोड़ की मानहानि कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब दिशा सालियन की मौत की जांच को लेकर सीबीआई ने मामला दर्ज किया है। सीबीआई के आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार सतीश सालियन ने कई लोगों की भूमिका की जांच की मांग की थी। जांच में हत्या, बलात्कार, साजिश और सबूतों से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोपों की जांच का उल्लेख है।
दूसरी ओर, आदित्य ठाकरे ने दिशा सालियन से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है और आरोपों को निराधार तथा राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि नोटिस के बाद दोनों नेताओं की कानूनी और सार्वजनिक प्रतिक्रिया क्या होती है और सीबीआई जांच आगे बढ़ने पर कौन-से तथ्य सामने आते हैं।

Post a Comment