Top News

20 हजार के इनामी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में गोली मारकर दबोचा

बरेठा क्षेत्र के हनुमान टोंग से गिरफ्तारी | पुलिस की निगरानी में मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी

सागर के जहरीली शराब कांड में पुलिस ने फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि लखेरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज जारी है।


रवि लखेरा को पुलिस इस पूरे नेटवर्क में महत्वपूर्ण कड़ी मान रही है। पुलिस की जांच के अनुसार वह अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। सागर कांड में पुलिस का दावा है कि लखेरा ने अवैध शराब तैयार करने का तरीका और फार्मूला उपलब्ध कराया था। इसके बाद बरेठी शराब दुकान के लाइसेंसी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर सहित अन्य आरोपियों के संपर्क में रहकर नकली शराब तैयार करने और उसकी सप्लाई का नेटवर्क खड़ा किया गया।


पुलिस के अनुसार जहरीली शराब तैयार करने के लिए स्पिरिट, खाली शीशियां, नकली लेबल और पैकिंग सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। ततरवारा क्षेत्र के मक्के के खेत में करीब 50 पेटी नकली शराब तैयार किए जाने की बात जांच में सामने आई है। मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


अब रवि लखेरा से पूछताछ पुलिस के लिए सबसे अहम कड़ी साबित हो सकती है। खासकर यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि स्पिरिट कहां से आई, नकली लेबल और पैकिंग किसने उपलब्ध कराई, शराब किन दुकानों अथवा सेल्स नेटवर्क तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क को संरक्षण या सुविधा किस स्तर पर मिली।


सागर कांड में पुलिस कार्रवाई तेज है, लेकिन असली परीक्षा अब नेटवर्क की आखिरी कड़ी तक पहुंचने की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post