Top News

मिशन-2027: मेरठ पहुंचे नितिन नवीन और योगी, बूथ से जिला स्तर तक संगठन की जमीनी हकीकत पर मंथन

 


मेरठ, 21 सितंबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर मेरठ पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। 



मेरठ में सुभारती विश्वविद्यालय में युवा संवाद और शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किया गया। इसके बाद संगठनात्मक बैठकों में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर की तैयारियों की जानकारी ली जा रही है। पश्चिमी यूपी के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ भी बैठक का कार्यक्रम है। इनमें संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होनी है। 


नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह शुरुआती संगठनात्मक दौरा है। पार्टी की ओर से इसे जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति समझने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की कवायद के रूप में रखा गया है। 


नितिन नवीन सोमवार को मेरठ में रात्रि प्रवास करेंगे। मंगलवार को वह सहारनपुर जाएंगे, जहां स्थानीय पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और पूर्व पदाधिकारियों से संवाद प्रस्तावित है। इसके बाद शाकंभरी देवी के दर्शन कर दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post