हिमाचल की चूना पत्थर खान में भूस्खलन से तीन मजदूर दबे, कई राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
देश के पहाड़ी राज्यों में मानसून ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा भी जताया है।
देहरादून में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने पर विशेष जोर दिया गया है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास मलबा और बड़े पत्थर गिरने से रास्ता भी प्रभावित हुआ है।
उधर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बारिश के बीच चूना पत्थर की खान ढहने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। हादसा कफोटा उपमंडल के बांगरण धार स्थित खनन क्षेत्र में हुआ। मलबे की चपेट में एक ट्रक और एलएनटी मशीन भी आई है। प्रशासन, पुलिस और बचाव दल राहत अभियान में जुटे हैं, लेकिन लगातार मलबा गिरने से बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
हिमाचल में बारिश से पहले ही बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। राज्य में 88 सड़कें, 19 पेयजल योजनाएं और 12 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित बताए गए हैं।मौसम विभाग की चेतावनी साफ है—अगले दौर की बारिश में पहाड़ों पर यात्रा से ज्यादा जरूरी सावधानी है।

Post a Comment