Top News

सज्जन कुमार के घर भाजपा सांसदों के जाने पर सियासी बवाल, राजकुमार वेरका ने मांगी माफी

नई दिल्ली। 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के निधन के बाद उनके घर जाकर संवेदना जताने को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। दिल्ली के तीन भाजपा सांसद—कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया—ने सज्जन कुमार के परिवार से मुलाकात की थी। इस दौरे पर कांग्रेस नेता राजकुमार वेरका ने तीखी आपत्ति जताई है। 



वेरका ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन परिवारों ने 1984 की हिंसा में अपने लोगों को खोया, उनके जख्म आज भी ताजा हैं। ऐसे में सज्जन कुमार के घर जाकर संवेदना व्यक्त करना सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम है। उन्होंने भाजपा से इस मामले में माफी मांगने की मांग की।


विवाद बढ़ने के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने तीनों सांसदों को तलब कर नाराजगी जताई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नबीन ने साफ किया कि उन्हें सज्जन कुमार के घर नहीं जाना चाहिए था और तीनों से उनके आचरण पर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। 


भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने सफाई दी कि तीनों सांसद पार्टी प्रतिनिधि के तौर पर नहीं, बल्कि व्यक्तिगत क्षमता में वहां गए थे। वहीं पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इस दौरे को बेहद पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पार्टी की ओर से इससे दूरी बनाई है। 


इस पूरे घटनाक्रम ने 1984 के दंगों के पुराने जख्मों और सिख पीड़ित परिवारों के न्याय के सवाल को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post