Top News

राजनीति में वार, परिवार पर प्रहार

तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री विजय को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन की एक टिप्पणी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। नागेंद्रन ने विजय की उस राजनीतिक टिप्पणी का जवाब देते हुए उनकी मां को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी की, जिसे विपक्ष और विजय की पार्टी ने आपत्तिजनक और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है। 



नागेंद्रन ने एक कार्यक्रम में कहा कि विधानसभा में जब कोई पिता को खोज रहा हो और पिता नहीं मिल रहा हो, तो घर जाकर मां से पूछने पर पता चल सकता है कि पिता कौन है। उनका यह बयान विजय की विधानसभा में की गई उस टिप्पणी के जवाब में आया था, जिसमें उन्होंने राजनीतिक संदर्भ में ‘पिता’ को लेकर कटाक्ष किया था। 


बयान सामने आते ही तमिलनाडु की राजनीति गरमा गई। विजय की पार्टी ने इसे बेहद घटिया और अपमानजनक टिप्पणी बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से पद की गरिमा बनाए रखने की मांग की। कांग्रेस नेता माणिकम टैगोर समेत कई नेताओं ने भी नागेंद्रन से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। 


खास बात यह है कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी नागेंद्रन की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन परिवार और खासकर किसी की मां को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। 


विवाद ने एक पुराना सवाल फिर खड़ा कर दिया है—क्या राजनीतिक मुकाबला अब नीतियों और कामकाज से हटकर परिवार तक पहुंचता जा रहा है? जनता नेताओं से तीखी बहस की उम्मीद कर सकती है, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियां राजनीतिक संवाद की मर्यादा पर ही सवाल खड़े करती हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post