Top News

ड्रग्स के खिलाफ पदयात्रा या ‘पटवारी बचाओ’ मार्च? भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

 

राकेश सिंह यादव का तंज—ड्रग्स के खिलाफ अभियान है तो शुरुआत पटवारी निवास से करें, केवल राजनीतिक प्रदर्शन से नहीं बचेगा युवा

भोपाल। इंदौर से उज्जैन तक पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ड्रग्स के मुद्दे पर आंदोलन के बहाने राजनीतिक बचाव की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस वास्तव में प्रदेश के युवाओं को नशे से बचाने की लड़ाई लड़ रही है या अपने नेताओं से जुड़े विवादों को राजनीतिक रंग दे रही है।


यादव ने कहा कि यदि कांग्रेस की नीयत वास्तव में ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई की है तो गांधी प्रतिमा से शुरू होने वाली पदयात्रा केवल मुख्यमंत्री आवास के घेराव तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभियान की शुरुआत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास से की जानी चाहिए और वहीं युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया जाना चाहिए।

‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ का आरोप

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के आंदोलन को लेकर ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत का इस्तेमाल करते हुए कहा कि ड्रग्स के खिलाफ सरकारी कार्रवाई पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर ड्रग्स से जुड़े आरोपों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उनके मामले में कांग्रेस का रवैया क्या है, यह भी जनता के सामने आना चाहिए।

‘पटवारी निवास से शुरू करें अभियान’

राकेश सिंह यादव ने सज्जन सिंह वर्मा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सचमुच युवाओं को ड्रग्स से बचाने के लिए गंभीर है तो इंदौर से उज्जैन तक पदयात्रा निकालने के साथ-साथ कांग्रेस नेतृत्व को भी जवाबदेह बनाए। उन्होंने कहा कि गांधी प्रतिमा से पटवारी निवास तक जाकर ड्रग्स विरोधी संकल्प लिया जाए और कांग्रेस बताए कि नशे के नेटवर्क को रोकने के लिए उसके पास क्या ठोस नीति है।

केवल बयानबाजी नहीं, कठोर कार्रवाई की जरूरत

यादव ने कहा कि जेन-जी सहित प्रदेश का युवा ड्रग्स से मुक्ति चाहता है, राजनीतिक संरक्षण नहीं। उनके अनुसार नशे के खिलाफ लड़ाई केवल भाषण, आरोप-प्रत्यारोप और पदयात्राओं से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए ड्रग्स नेटवर्क की पहचान, वित्तीय स्रोतों पर कार्रवाई, तस्करी की कड़ियां तोड़ने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इंदौर में सात राज्यों के पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों की बैठक का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क पर समन्वित कार्रवाई की रणनीति पर भी चर्चा हुई है।

भाजपा का कांग्रेस से सीधा सवाल

भाजपा प्रवक्ता ने अंत में कांग्रेस से सवाल किया कि यदि उसका आंदोलन वास्तव में युवाओं को ड्रग्स से बचाने के लिए है, तो वह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के साथ अपने संगठन और नेताओं की जवाबदेही पर भी स्पष्ट रुख क्यों नहीं रखती? यादव ने कहा कि प्रदेश का युवा नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई चाहता है, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post