Top News

डॉलर के दबदबे पर चोट! मुज्तबा खामेनेई का आर्थिक प्लान, अमेरिका के दबाव का ऐसे देना चाहते हैं जवाब

तेहरान। अमेरिका के बढ़ते आर्थिक दबाव और प्रतिबंधों के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुज्तबा खामेनेई ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भरता पर जोर दिया है। 28 अगस्त को सरकार सप्ताह के मौके पर जारी संदेश में उन्होंने घरेलू उत्पादन बढ़ाने और अर्थव्यवस्था में अमेरिकी डॉलर की भूमिका धीरे-धीरे कम करने की बात कही। 



घरेलू उत्पादन को बनाया रणनीति का केंद्र

मुज्तबा खामेनेई के मुताबिक ईरान की आर्थिक समस्याओं का प्रमुख समाधान घरेलू उत्पादन पर ज्यादा निर्भरता में है। उन्होंने निवेश बढ़ाने और उसे जरूरी तथा उपयोगी क्षेत्रों में लगाने, उत्पादन को गति देने और आयात को जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उनका कहना है कि जिन वस्तुओं का देश में पर्याप्त उत्पादन नहीं होता, वहां आयात को समझदारी से किया जाना चाहिए। 

डॉलर की भूमिका घटाने का संकेत

खामेनेई ने अर्थव्यवस्था में अमेरिकी डॉलर की प्रमुख भूमिका को धीरे-धीरे खत्म करने की बात कही है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ईरान की वित्तीय और व्यापारिक गतिविधियों पर दबाव बढ़ा रहा है। अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत ईरान से जुड़े वित्तीय नेटवर्क और कारोबार पर कार्रवाई तेज हुई है। 


महंगाई और बेरोजगारी भी निशाने पर


ईरानी नेतृत्व के सामने केवल अमेरिकी प्रतिबंध ही चुनौती नहीं हैं। देश में महंगाई, बेरोजगारी, कीमतों में अस्थिरता और बाजार प्रबंधन जैसे मुद्दे भी गंभीर हैं। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक ईरानी मुद्रा की कीमत डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच चुकी है, जिससे आर्थिक दबाव और बढ़ा है। 


खामेनेई की रणनीति को ऐसे आर्थिक मॉडल के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें स्थानीय उत्पादन, नियंत्रित आयात, निवेश और डॉलर पर कम निर्भरता को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच ईरान इसे कितनी तेजी से लागू कर पाता है, यह आने वाले समय में सबसे बड़ी चुनौती होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post