वॉशिंगटन। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अंतरिक्ष यात्रियों अनिल मेनन और जेसिका मेयर ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के बाहर सफलतापूर्वक अंतरिक्ष चहलकदमी कर स्टेशन के उन्नयन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए।
करीब 6 घंटे 27 मिनट तक चली इस चहलकदमी के दौरान दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष स्टेशन के पावर चैनल में तकनीकी उन्नयन किट स्थापित की। इस उन्नयन से भविष्य में अतिरिक्त सौर पैनल लगाए जा सकेंगे, जिससे अंतरिक्ष स्टेशन की ऊर्जा क्षमता में वृद्धि होगी।
यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के रखरखाव और उन्नयन के लिए की गई 281वीं अंतरिक्ष चहलकदमी थी। जेसिका मेयर के अंतरिक्ष करियर की यह छठी, जबकि भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन की पहली अंतरिक्ष चहलकदमी रही।
दोनों अंतरिक्ष यात्री क्वेस्ट एयरलॉक से बाहर निकले और स्टेशन की बाहरी संरचना पर निर्धारित तकनीकी कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस मिशन को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Post a Comment