Top News

ओरछा में दो दिन भाजपा का महामंथन, जेन-जी पर पकड़ मजबूत करने की बनेगी रणनीति

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज 30 अगस्त से ऐतिहासिक नगरी ओरछा में शुरू हो रही है। 31 अगस्त तक चलने वाली इस बैठक में प्रदेश के करीब 350 से 400 वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक और जिला स्तर के संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। यह प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में होने वाली पहली बड़ी कार्यसमिति बैठक है। 



बैठक का सबसे अहम राजनीतिक पहलू 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी और युवा पीढ़ी यानी जेन-जी तक पहुंच बढ़ाना माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं से संवाद बढ़ाने, सोशल मीडिया पर प्रभावी उपस्थिति बनाने और जेन-जी तथा जेन-अल्फा को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। 


भाजपा संगठन अगले तीन महीनों के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों का खाका भी तैयार करेगा। बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। 


बैठक में ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे प्रस्तावों पर भी मंथन होगा। इसके साथ ही दतिया उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहने की संभावना है। 


ओरछा का यह महामंथन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा अब केवल पारंपरिक संगठनात्मक ढांचे पर निर्भर रहने के बजाय डिजिटल दौर के युवा मतदाता को अपनी राजनीतिक रणनीति के केंद्र में लाने की तैयारी करती दिख रही है। मिशन-2028 के लिए जेन-जी तक पहुंच भाजपा के सामने बड़ी राजनीतिक चुनौती और अवसर दोनों है।

Post a Comment

Previous Post Next Post