Top News

पंजाब BJP में बगावत? सामूहिक इस्तीफे, के बाद दिल्ली बुलाए गए ढिल्लों


पंजाब भाजपा में संगठन को चुनावी मोड में लाने की कोशिश फिलहाल पार्टी के भीतर ही असंतोष का कारण बनती दिखाई दे रही है। प्रदेश संगठन में बड़े फेरबदल के बाद वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आई है। होशियारपुर में पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद और उनके समर्थकों ने संगठनात्मक पदों से इस्तीफे की घोषणा की। इसके साथ 111 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सूची भी सामने आई है। हालांकि इस्तीफा देने वालों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता नहीं छोड़ी है।



विवाद की शुरुआत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की नई टीम और जिला स्तर पर किए गए फेरबदल से हुई। पार्टी ने छह जिला अध्यक्षों को बदलने का फैसला किया था। इसके बाद पुराने नेताओं के एक वर्ग ने नेतृत्व पर उन्हें दरकिनार करने और संगठन में बाहरी लोगों को तरजीह देने जैसे आरोप लगाए।


मामला बढ़ा तो केंद्रीय नेतृत्व ने हस्तक्षेप किया। पार्टी पर्यवेक्षक सतीश पूनिया को नाराज नेताओं से बातचीत के लिए भेजा गया। इसके बाद दिल्ली में भी संगठन की स्थिति पर चर्चा हुई।


यह संकट ऐसे समय खड़ा हुआ है जब भाजपा ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में 117 सीटों पर अकेले लड़ने की तैयारी का संकेत दिया है। ऐसे में बूथ से लेकर जिला स्तर तक मजबूत संगठन पार्टी के लिए जरूरी है।


अब सवाल सिर्फ 111 इस्तीफों का नहीं, बल्कि यह है कि क्या भाजपा समय रहते पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर कर पाएगी? क्योंकि चुनाव मैदान में उतरने से पहले अगर संगठन ही असंतुष्ट हो गया, तो सबसे बड़ी चुनौती विरोधी दल नहीं, घर के भीतर की नाराजगी बन सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post