सागर। सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ एक युवक की तस्वीर वायरल होने के बाद सागर पुलिस हथियार की तलाश में उसके घर पहुंची, लेकिन तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ ऐसा सामान लगा जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिराहे के पास स्थित मकान से करीब 3 करोड़ रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। रकम इतनी अधिक थी कि नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ तस्वीर सामने आने के बाद अवैध हथियार की सूचना मिली थी। टीम ने मकान की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई हथियार नहीं मिला। इसके बजाय एक अलमारी में नोटों की गड्डियां और नकदी से भरे बैग मिले। प्रारंभिक अनुमान करीब 3 करोड़ रुपये का है। वास्तविक रकम का अंतिम सत्यापन गिनती और दस्तावेजों की जांच के बाद होगा।
परिवार की ओर से पुलिस को बताया गया है कि यह रकम भोपाल में लोक निर्माण विभाग में पदस्थ एक रिश्तेदार की है और करीब आठ महीने पहले यहां रखी गई थी। पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी नकदी का मालिक कौन है और रकम का स्रोत क्या है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर और राजस्व विभाग को भी सूचना दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। अब दस्तावेजों, नकदी के स्वामित्व और उसके स्रोत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
हथियार की तलाश से शुरू हुई कार्रवाई अब करोड़ों की नकदी के रहस्य तक पहुंच गई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि तीन करोड़ रुपये आखिर घर में क्यों रखे गए थे और इसका वास्तविक स्रोत क्या है?

Post a Comment