Top News

पीएम केयर्स फंड में दान घटा, घरेलू योगदान 30 प्रतिशत नीचे; फिर भी बढ़ा कुल कोष



पीएम केयर्स फंड को मिलने वाले घरेलू दान में वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान करीब 30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। ताजा लेखा-परीक्षित रिपोर्ट के मुताबिक घरेलू योगदान 2023-24 के करीब 681.8 करोड़ रुपये से घटकर 2024-25 में लगभग 479 करोड़ रुपये रह गया। विदेशी योगदान भी करीब 18 प्रतिशत घटकर 92.8 लाख रुपये रह गया।



दिलचस्प बात यह है कि दान घटने के बावजूद फंड की कुल राशि बढ़ी है। 31 मार्च 2025 तक पीएम केयर्स फंड का कुल शेष करीब 8,452 करोड़ रुपये था, जबकि एक वर्ष पहले यह लगभग 7,173 करोड़ रुपये था। इसमें करीब 7,846 करोड़ रुपये सावधि जमा में और लगभग 605 करोड़ रुपये बचत खातों में थे।


आंकड़ों पर नजर डालें तो कोविड महामारी के दौरान घरेलू योगदान अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचा था। 2020-21 में स्वैच्छिक घरेलू योगदान करीब 7,184 करोड़ रुपये रहा था। इसके बाद इसमें लगातार गिरावट दिखाई दी—2021-22 में करीब 1,896 करोड़ और 2022-23 में 909 करोड़ रुपये।


वहीं, 2024-25 में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना पर करीब 87.8 लाख रुपये खर्च हुए, जो पिछले वित्त वर्ष के 15.37 करोड़ रुपये से काफी कम है।


पीएम केयर्स एक स्वैच्छिक योगदान वाला कोष है और इसे सरकारी बजटीय सहायता नहीं मिलती।


दान घटने और कोष बढ़ने के ये आंकड़े अब इस सवाल को जरूर सामने लाते हैं कि बदलते समय में इस आपातकालीन कोष की भूमिका और खर्च की प्राथमिकताएं किस दिशा में जा रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post