जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता का गवाह बनने जा रही है। मिस ओशन वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को मानसरोवर स्थित अनंत महल में होगा। प्रतियोगिता के अंतिम सप्ताह में 20 देशों की प्रतिभागी हिस्सा ले रही हैं। आयोजन 16 से 24 अगस्त तक जयपुर में रखा गया है।
प्रतियोगिता में ब्रिटेन, जापान, दक्षिण सूडान, युगांडा, इंडोनेशिया, रूस, जिम्बाब्वे, बांग्लादेश, केन्या और कैमरून सहित कई देशों की सुंदरियां भाग ले रही हैं। प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता चरणों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
इस आयोजन की खासियत केवल ताज और ग्लैमर नहीं है। समुद्रों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश भी प्रतियोगिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आयोजकों के मुताबिक मंच के जरिए पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रैंड फिनाले में 2023 की मिस ओशन वर्ल्ड लॉरा हडसन भी मौजूद रहेंगी और ताज हस्तांतरण समारोह का हिस्सा बनेंगी। पिछले वर्ष दक्षिण सूडान की इवेलिन नेइम मोहम्मद सल्लेह ने खिताब जीता था, जबकि भारत की पारुल सिंह प्रथम उपविजेता रही थीं।
अब नजर 23 अगस्त की उस शाम पर है, जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर 20 देशों की सुंदरियों के बीच से मिस ओशन वर्ल्ड 2026 का नया ताज हासिल करने वाली विजेता का नाम सामने आएगा।

Post a Comment