अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय फिलहाल टाल दिए गए। ट्रस्ट ने नए सीईओ के चयन के लिए करीब एक महीने का अतिरिक्त समय लेने का फैसला किया है। इस संबंध में अगली बैठक 2 सितंबर को आयोजित होगी।
बैठक में ट्रस्टियों की नियुक्ति और अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा हुई, लेकिन किसी बड़े फैसले पर अंतिम मुहर नहीं लगी। सूत्रों के अनुसार, कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद निर्णय लेने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान मंदिर में आने वाले चढ़ावे के प्रबंधन और उसकी गणना की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक की कार्यप्रणाली पर कुछ सदस्यों ने असंतोष जताया और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।
ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और मंदिर के विस्तारित प्रबंधन को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। इसी कारण प्रमुख नियुक्तियों और प्रबंधन संबंधी निर्णय पूरी प्रक्रिया के बाद ही लिए जाएंगे।
अब ट्रस्ट की अगली बैठक 2 सितंबर को होगी, जिसमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति समेत लंबित विषयों पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।

Post a Comment