Top News

दतिया उपचुनाव निर्णायक मोड़ पर, भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत; कांग्रेस भी प्रचार में सक्रिय !

 


प्रणव बजाज


दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। मतदान में केवल पांच दिन शेष हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। विधानसभा का पावस सत्र समाप्त होते ही भाजपा ने अपने संगठन और सरकार की पूरी ताकत दतिया में उतार दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 जुलाई से चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे।



भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार रात दतिया में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में छह मंत्री, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और 200 से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी का मूल्यांकन उसके बूथ पर प्रदर्शन के आधार पर होगा। सभी को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और जीत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों को भी मैदान में उतार दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 जुलाई को दतिया में विशाल जनसभा करेंगे और 28 जुलाई तक लगातार जनसंपर्क एवं चुनावी सभाओं में भाग लेंगे। वहीं 24 जुलाई को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जनसभा प्रस्तावित है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।


प्रदेश सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट, राव उदय प्रताप सिंह, राकेश शुक्ला, नारायण कुशवाहा, धर्मेंद्र लोधी और दिलीप जायसवाल लगातार दतिया में डेरा डाले हुए हैं। संगठन ने जातिगत समीकरणों को साधने के लिए विभिन्न समाजों के प्रभावशाली नेताओं को उनकी बहुलता वाले क्षेत्रों में जनसंपर्क की जिम्मेदारी सौंपी है।


दूसरी ओर कांग्रेस भी चुनाव प्रचार में जुटी हुई है। पार्टी नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी अब तक सात बड़ी जनसभाएं कर चुके हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह करीब एक दर्जन नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर चुके हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव भी लगातार क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं।


उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के बाद रिक्त हुई थी। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post