टाटा और निबे डिफेंस को मिला 1,600 करोड़ रुपये का ऑर्डर, दुश्मन के ठिकानों पर सटीक वार करने में होंगे सक्षम
नई दिल्ली। भारतीय सेना अपनी युद्धक क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। सेना को जल्द ही 840 स्वदेशी कामिकेज ड्रोन (लोइटरिंग म्यूनिशंस) मिलने जा रहे हैं। इसके लिए करीब 1,600 करोड़ रुपये का ऑर्डर जारी किया गया है।
इस परियोजना के तहत Tata Advanced Systems Limited और Nibe Defense and Maritime Limited इन अत्याधुनिक ड्रोन की आपूर्ति करेंगे। ये ड्रोन अगले छह महीनों में सेना को मिलने शुरू हो जाएंगे।
कामिकेज ड्रोन को आधुनिक युद्ध तकनीक का अहम हिस्सा माना जाता है। ये ड्रोन लक्ष्य की पहचान कर लंबे समय तक हवा में मंडरा सकते हैं और सही समय पर दुश्मन के ठिकाने को निशाना बनाकर हमला कर सकते हैं। इनका इस्तेमाल दुश्मन के बंकर, वाहन, सैन्य उपकरण और रणनीतिक ठिकानों को नष्ट करने में किया जा सकता है।
सेना इन ड्रोन को नई ड्रोन आर्टिलरी रेजिमेंट का हिस्सा बनाएगी। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना की निगरानी और हमला करने की क्षमता में बढ़ोतरी होगी।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के तहत भारत लगातार स्वदेशी हथियार प्रणालियों पर जोर दे रहा है। कामिकेज ड्रोन की तैनाती से भारतीय सेना को कम समय में सटीक कार्रवाई करने और आधुनिक युद्ध चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।

Post a Comment