शिवपुरी। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 25 से अधिक बदमाश क्रेन और ट्रक लेकर किले में पहुंचे तथा सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर 16वीं शताब्दी की करीब 500 वर्ष पुरानी अष्टधातु की दुर्लभ तोप लूट ले गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने पहले गार्डों को अपने कब्जे में लिया और फिर भारी क्रेन की मदद से कई क्विंटल वजनी ऐतिहासिक तोप को ट्रक पर लादकर फरार हो गए। पूरी घटना सुनियोजित बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। किले और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह अष्टधातु की तोप ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण थी। इसकी चोरी ने किले की सुरक्षा व्यवस्था और ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। चोरी में शामिल गिरोह, तोप की संभावित तस्करी और इसके पीछे के नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कई जिलों में नाकाबंदी और छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment