विशेष रिपोर्ट | बौद्धिक प्रतिकार
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क पहली ही तेज बारिश में बह जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। करीब 3.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सड़क के 24 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर सड़क की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए कहा, "भाजपा के राज में विकास नहीं, सिर्फ उद्घाटन होते हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई सड़क पहली ही बारिश में बह गई, यह भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का सबसे बड़ा प्रमाण है।"
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सिवनी जिले में हाल ही में करीब 3.93 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया था। उद्घाटन के कुछ ही समय बाद हुई बारिश में सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया। सड़क उखड़ने के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया गया और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से पहले जितनी उम्मीदें थीं, पहली बारिश ने उन पर पानी फेर दिया।
कांग्रेस का हमल
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता लगातार गिर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में ठेकेदारी व्यवस्था भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है और जनता के टैक्स का पैसा बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
सरकार पर उठे सवाल
इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं—
क्या निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हुआ था?
क्या तकनीकी अधिकारियों ने निर्माण की सही निगरानी की?
यदि सड़क उद्घाटन के 24 घंटे के भीतर बह गई, तो जिम्मेदार कौन है?
जनता के करोड़ों रुपये की जवाबदेही कौन तय करेगा?
बौद्धिक प्रतिकार की टिप्पणी
मध्य प्रदेश में यह पहला मामला नहीं है जब करोड़ों रुपये की लागत से बने सरकारी निर्माण पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आए हों। सड़कें, पुल और अन्य परियोजनाएं बार-बार गुणवत्ता पर प्रश्न खड़े करती रही हैं।
अगर 3.93 करोड़ रुपये की सड़क 24 घंटे भी नहीं टिक पाती, तो सवाल केवल सड़क का नहीं, पूरी निर्माण व्यवस्था की विश्वसनीयता का है। जनता अब केवल उद्घाटन समारोह नहीं, बल्कि टिकाऊ विकास और जवाबदेही चाहती है।

Post a Comment