धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को नई गति मिलने जा रही है। चीन की अग्रणी निर्माण उपकरण निर्माता कंपनी की भारतीय इकाई द्वारा लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई नई परियोजना का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
करीब 28 लाख अमेरिकी डॉलर (2.8 मिलियन डॉलर) के निवेश से विकसित इस परियोजना का उद्देश्य निर्माण उपकरणों के उत्पादन और क्षमता विस्तार को बढ़ाना है। परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा मध्यप्रदेश की औद्योगिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।
सरकार का कहना है कि प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और निवेशक हितैषी नीतियों के कारण लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां निवेश के लिए आगे आ रही हैं। पीथमपुर पहले से ही देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में गिना जाता है और इस नए विस्तार से इसकी औद्योगिक क्षमता में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी संबोधित करेंगे। उद्योग जगत का मानना है कि यह निवेश प्रदेश में विनिर्माण क्षेत्र को नई गति देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगा।

Post a Comment