नई दिल्ली। बिहार में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर INDIA गठबंधन के 23 घटक दलों ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को संयुक्त पत्र भेजा है। गठबंधन ने पत्र में चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि INDIA गठबंधन की 23 पार्टियां SURE (Secure, Unbiased, Reliable Elections) के सिद्धांत पर मजबूती से कायम हैं। उनका कहना है कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मतदाता सूची, चुनावी प्रक्रियाओं और निर्वाचन व्यवस्था पर जनता का भरोसा बना रहना बेहद जरूरी है।
ठबंधन ने अपने पत्र में आग्रह किया है कि चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण मामलों पर न्यायपालिका उचित संवैधानिक मार्गदर्शन दे, ताकि किसी भी मतदाता के अधिकारों का हनन न हो और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हो।
उधर, भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि मतदाता पुनरीक्षण जैसी प्रक्रियाएं संविधान और कानून के तहत नियमित प्रशासनिक कार्यवाही का हिस्सा हैं तथा इनका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।
अब इस मुद्दे पर न्यायपालिका और निर्वाचन आयोग की आगे की प्रतिक्रिया पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment