अधिकांश लोग कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) को केवल रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली रकम से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसकी पेंशन योजना परिवार को भी आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। के अंतर्गत संचालित कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) कर्मचारी और उसके परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच मानी जाती है।
यदि नौकरी के दौरान किसी कर्मचारी की असमय मृत्यु हो जाती है या वह स्थायी रूप से दिव्यांग हो जाता है, तो EPS के तहत उसके परिवार को मासिक पेंशन का लाभ मिल सकता है। कर्मचारी की पत्नी या पति को विधवा/विधुर पेंशन दी जाती है, जबकि पात्र बच्चों को भी निर्धारित अवधि तक मासिक पेंशन प्रदान की जाती है।
इस योजना का उद्देश्य परिवार की आय अचानक बंद होने की स्थिति में आर्थिक सहारा देना है। खास बात यह है कि पेंशन का लाभ पाने के लिए कर्मचारी का EPS सदस्य होना आवश्यक होता है। कर्मचारी के वेतन का एक हिस्सा नियमित रूप से इस योजना में जमा किया जाता है।
वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि EPS केवल बुढ़ापे की योजना नहीं, बल्कि परिवार की दीर्घकालिक सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए नौकरीपेशा लोगों को अपने EPF और EPS खाते की जानकारी समय-समय पर जांचते रहना चाहिए और नॉमिनी विवरण भी अपडेट रखना चाहिए।
कठिन परिस्थितियों में यह योजना परिवार को नियमित आय उपलब्ध कराकर आर्थिक संकट से उबरने में मदद कर सकती है।

Post a Comment