बेंगलुरु। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित 'संकल्प समावेश' कार्यक्रम के दौरान अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर नाराज हो गए। कार्यक्रम में लगातार लग रही नारेबाजी और अनुशासनहीनता से असहज दिखे खरगे ने मंच से ही कार्यकर्ताओं को जमकर फटकार लगाई।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ता कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री के समर्थन में लगातार नारे लगा रहे थे। इससे कार्यक्रम का माहौल प्रभावित होने लगा, जिसके बाद खरगे ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि यह किसी एक नेता का नहीं, बल्कि पार्टी का कार्यक्रम है और सभी को संगठन की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।
खरगे ने नाराजगी के दौरान कार्यकर्ताओं को "बेकार लोग" तक कह दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि कांग्रेस नेताओं ने इसे अनुशासन बनाए रखने की सामान्य सलाह बताया है, लेकिन विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सार्वजनिक मंच से कार्यकर्ताओं को फटकार लगाना इस बात का संकेत है कि पार्टी नेतृत्व संगठनात्मक अनुशासन को लेकर सख्त संदेश देना चाहता है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कांग्रेस विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने में जुटी हुई है।

Post a Comment