देवास। अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के भावी चिकित्सकों ने सामाजिक सरोकार और जन-जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। रेड क्रॉस के अंतर्गत, संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा देवास के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 'नशामुक्ति' विषय पर एक बेहद प्रभावशाली और संवेदनशील नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों को रेखांकित किया और लोगों को इससे दूर रहने का संकल्प दिलाया।
यह गरिमामय कार्यक्रम अमलतास ग्रुप के माननीय फाउंडर चेयरमैन श्री सुरेश सिंह भदौरिया एवं माननीय चेयरमैन श्री मयंकराज सिंह भदौरिया के शुभाशीष और कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। चेयरमैन द्वय ने विद्यार्थियों के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस सफल आयोजन में संस्थान के डायरेक्टर डॉ. अभिजीत तायडे, जनरल मैनेजर श्री मनीष शर्मा एवं प्राचार्या (Principal) डॉ. अनीता घोडके की गरिमामय उपस्थिति और विशेष मार्गदर्शन रहा। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि समाज को जागरूक करने और एक 'स्वस्थ व नशामुक्त भारत' के निर्माण में हमारे भावी डॉक्टरों की यह भूमिका अत्यंत सराहनीय है। चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना ही एक सच्चे चिकित्सक की पहचान है।
इस संपूर्ण भव्य कार्यक्रम का सफल समन्वय (Coordination) और कुशल मार्गदर्शन डॉ. अक्षय शर्मा द्वारा किया गया। नाटक के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने तालियां बजाकर भावी डॉक्टरों का उत्साहवर्धन किया और इस संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Post a Comment