तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर पिछले कुछ दिनों से अनिश्चितता देखने को मिल रही थी। थलपति विजय की पार्टी टीवीके ने एकतरफा जीत तो हासिल की सरकार बनाने का रास्ता साफ नहीं हो पा रहा था। अब आखिरकार ये रास्ता साफ हो गया है और द्रमुक की सहयोगी वीसीके और आइयूएमएल ने सरकार बनाने के लिए टीवीके को बिना शर्त के समर्थन दे दिया है। इसके बाद विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
विजय के साथ 9 अन्य मंत्री भी शपथ लेते हुए दिखाई दिए, जिनमें टीवीके कुछ वरिष्ठ नेता शामिल हैं। विजय अब गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे जिसमें कांग्रेस भी सहयोगी के रूप में शामिल होगी। इसके पहले 13 मई तक विजय को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करना होगा।
राज्यपाल बहुमत से आश्वस्त
121 विधायकों के समर्थन पत्र के साथ विजय को चार दिनों में चौथी बार राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करते हुए देखा गया। बहुमत के दावे से आश्वस्त होने के बाद राज्यपाल ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है।
थलपति विजय ने ली सीएम पद की शपथ
आज सुबह 10 बजे जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। विजय के साथ टीवीके नेता एन आनंद, डॉ केजी अरुणराज, पी वेंकटरमण, आर निर्मलकुमार, आधव अर्जुन, एस कीर्तना, राजमोहन और डॉ टीके प्रभु ने भी तमिलनाडु राज्य के मंत्री के रूप में शपथ ली।
विजय को कैसे मिला समर्थन
तमिलनाडु में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाने की वजह से राजनीतिक गहमा गहमी बनी हुई थी। 108 सीटों के साथ टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। सरकार बनाने के लिए इसे 10 विधायकों का समर्थन चाहिए था। सबसे पहले 5 विधायकों वाली कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया और इसके बाद दो-दो विधायकों वाली भाकपा और माकपा का भी समर्थन प्राप्त हुआ। इसके बाद भी बहुमत का आंकड़ा 118 दूर था। कई दिनों तक असमंजस की स्थिति रहने के बाद वीसीके ने शनिवार को विजय को समर्थन देने की घोषणा की। पार्टी ने कहा कि हम तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन रोकने और जनादेश को पूरा करने के लिए टीवीके सरकार गठन के लिए समर्थन दे रहे हैं। वीसीके के बाद आइयूएमएल ने भी अपना समर्थन दिया। विधानसभा में इन दोनों पार्टियों के दो-दो विधायक हैं। इस तरह से टीवीके के बहुमत का आंकड़ा पार किया।

Post a Comment