इंदौर के अग्रसेन चौराहे स्थित शराब दुकान का चौंकाने वाला खेल सामने आया है। दुकान बाहर से बंद दिखती रही, लेकिन शटर में बने छोटे छेद से देर रात तक खुलेआम शराब बेची जाती रही।
तस्वीरों और वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ग्राहक शटर के पास पहुंच रहे हैं और भीतर से शराब की बोतलें बाहर दी जा रही हैं। महिलाएं और युवक भी बेखौफ शराब खरीदते नजर आए।
सबसे बड़ा सवाल पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर उठ रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी भी आसपास दिखाई दे रहे हैं, लेकिन कार्रवाई कहीं नजर नहीं आई। आरोप है कि दुकान बंद होने के बाद भी रातभर अवैध बिक्री चलती रही और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन का मामला नहीं है। लंबे समय से नियमों को ताक पर रखकर शटर के पीछे से शराब बेचने का खेल जारी है। देर रात तक शराब बिक्री होने से इलाके में असामाजिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं।
अब सवाल यही है कि जब दुकान आधिकारिक रूप से बंद थी, तो फिर शराब किसके संरक्षण में बिक रही थी? अगर वीडियो में सब कुछ साफ दिखाई दे रहा है, तो कार्रवाई अब तक क्यों नहीं हुई?
अग्रसेन चौराहे की यह तस्वीर व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है—क्या कानून सिर्फ दिखावे के लिए रह गया है?

Post a Comment