भोपाल ।बौद्धिक प्रतिकार
मुस्लिम युवक की पिटाई और भड़काऊ भाषण के आरोप में कार्रवाई तेज, शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा
भोपाल में कथित ‘लव जिहाद’ के आरोप को लेकर हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। 10 मई की रात गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के गौतम नगर स्थित एक होटल में एक मुस्लिम युवक के साथ मारपीट और हंगामे के मामले में पुलिस ने हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के खिलाफ भी FIR दर्ज की है। मामला टीटी नगर थाने में दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार शहर में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद भीड़ जुटाने, हंगामा करने और ऐसे बयान देने के आरोप लगे हैं जिससे सामाजिक माहौल खराब होने की आशंका पैदा हुई। पुलिस का कहना है कि चंद्रशेखर तिवारी के भाषण को लेकर शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। हालांकि फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वहीं युवक की पिटाई और वीडियो वायरल करने के मामले में गोविंदपुरा पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं समेत कई लोगों पर प्रकरण दर्ज किया है। इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
घटना के विरोध में मंगलवार रात पुराने भोपाल के इकबाल मैदान क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बिना अनुमति भीड़ जुटाने और प्रदर्शन करने के आरोप में पुलिस ने 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में भी कई लोगों की गिरफ्तारी की गई है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और तस्वीरों के आधार पर की जा रही है। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment