जेट फ्यूल की लगातार बढ़ती कीमतों और पाकिस्तान एयरस्पेस बंद होने से एयर इंडिया की परिचालन लागत पर बड़ा असर पड़ा है। बढ़ते खर्च और लंबी उड़ान अवधि के चलते एयरलाइन ने कई इंटरनेशनल रूट्स पर विमान सेवाएं रोकने का फैसला लिया है।
जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया ने रोजाना संचालित होने वाली करीब 100 उड़ानों में कटौती की है। पाकिस्तान एयरस्पेस बंद होने के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लंबा रूट लेना पड़ रहा है, जिससे ईंधन खर्च और ऑपरेशन कॉस्ट दोनों बढ़ गए हैं।
एयरलाइन के लिए सबसे बड़ी चुनौती ईंधन की कीमतों में आई तेजी मानी जा रही है। एविएशन सेक्टर में जेट फ्यूल कुल परिचालन लागत का बड़ा हिस्सा होता है और इसमें बढ़ोतरी का सीधा असर कंपनियों के मुनाफे पर पड़ता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात लंबे समय तक ऐसे ही बने रहे तो अन्य एयरलाइंस भी उड़ानों में कटौती या किरायों में बढ़ोतरी जैसे कदम उठा सकती हैं। फिलहाल एयर इंडिया लागत नियंत्रण और रूट मैनेजमेंट पर फोकस कर रही है।

Post a Comment