खंडवा: मध्य प्रदेश में खनन माफियाओं का आतंक जारी है. इसी सिलसिले में खंडवा में पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का मामला सामने आया है. अवैध खनन रोकने गए पटवारी पर ड्राइवर ने ट्रैक्टर चढ़ाकर मारने का प्रयास किया. पटवारी ने भागकर अपनी जान बचाई. टीम ने मौके पर एक जेसीबी मशीन को भी जब्त कर लिया है. मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
जिले के भकराडा गांव का मामला है. जावर सर्किल के भकराडा गांव में मुरम अवैध रूप से उत्खनन कर ले जाने की सूचना मिलने पर हल्का पटवारी मयंक फुलेरिया मौके पर जांच के लिए पहुंचे, जहां शासकीय भूमि पर अवैध तरीके से अवैध रूप से जेसीबी मशीन से मुरम का उत्खनन किया जा रहा था. मुरम को पास स्थित एक मुर्गी केंद्र तक ले कर जा रहे थे.
पटवारी ने भागकर बचाई जानपटवारी को देखते ही चालक मौके से भागने लगे. यह देख पटवारी ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, तब चालक कुंदन पिता गजेंद्र राजपूत, निवासी भकराडा पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने लगा. यह देख पटवारी ने भागकर अपनी जान बचाई. ट्रैक्टर लेकर चालक फरार हो गया. वहीं मुरम खोद रहा जेसीबी चालक सावन भिलाला जब जेसीबी लेकर भाग रहा था तो जेसीबी गड्ढे में फंस गई, जिसे वह निकाल नहीं पाया. पुलिस ने मौके से जेसीबी जब्त की है.
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि, ''चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 132, 110, 303(2) व 3(5) के साथ ही खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21 एवं 4 के तहत थाना जावर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.''

Post a Comment