बौद्धिक प्रतिकार, नई दिल्ली।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के महरौली क्षेत्र में एक पांच मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायलों को AIIMS Trauma Centre में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, भर्ती किए गए 10 लोगों में से दो की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। शेष छह घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। अधिकारियों ने क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इमारत गिरने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर निर्माण की गुणवत्ता और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

Post a Comment