लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त जारी करने के मामले में पंचायत सचिव और सरपंच पति को रिश्वत लेते ट्रैप किया है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक मामले में ग्राम पंचायत भोमवाड़ा के सचिव जितेन्द्र सिंह पंवार और सरपंच पति चिंताराम भोमारे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता कविता यादव, निवासी ग्राम भोगवाड़ा को लगभग दो साल पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.25 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। यह राशि चार किश्तों में मिलनी थी, जिसमें पहली किश्त 25 हजार रुपये नवंबर 2025 और दूसरी किश्त 40 हजार रुपये मार्च 2026 में मिल चुकी थी।आरोप है कि तीसरी और चौथी किश्त, कुल 65 हजार रुपये जारी करने के एवज में दोनों आरोपियों ने 8 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। इस पर कविता यादव ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद 27 अप्रैल को ट्रैप दल का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान सचिव जितेन्द्र पंवार की मौजूदगी में चिंताराम भोमारे को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment