भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के उन कर्मचारियों को एक बड़ी सौगात दी है जो वर्तमान में छठवां वेतनमान (6th Pay Commission) प्राप्त कर रहे हैं। लंबे समय से महंगाई भत्ते में वृद्धि का इंतजार कर रहे इन कर्मचारियों के लिए वित्त विभाग ने बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इस फैसले के तहत महंगाई भत्ते (DA Hike) में 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
वेतन में कितना होगा बदलाव?
इस वृद्धि के बाद, अब इन कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता 252% से बढ़कर 257% हो गया है। इस आदेश का सीधा लाभ कर्मचारियों को उनके अप्रैल माह के वेतन से मिलना शुरू होगा, जिसका भुगतान मई 2026 में किया जाएगा। इससे कर्मचारियों की 'टेक होम' सैलरी में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जो बढ़ती महंगाई के बीच उनके लिए बड़ी राहत का काम करेगी।
वृद्धि 1 जुलाई 2025 से प्रभावी
सरकार ने केवल वर्तमान वेतन ही नहीं बढ़ाया, बल्कि पिछले बकाया यानी एरियर के भुगतान की प्रक्रिया भी स्पष्ट कर दी है। चूंकि यह वृद्धि 1 जुलाई 2025 से प्रभावी मानी गई है, इसलिए 1 जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 तक की कुल 9 महीनों की एरियर राशि का भुगतान भी कर्मचारियों को किया जाएगा।यह भुगतान एकमुश्त न होकर 6 समान किस्तों में होगा। एरियर की किस्तें मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 में वेतन के साथ खाते में जमा की जाएंगी।

Post a Comment