पश्चिम बंगाल : विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता ज़िलों में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कल कटवा, जंगीपुर और कुशमंडी में तीन रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने राज्य में पहचान और घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा के अभियान को और तेज करते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करने के लिए समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी।
श्री मोदी ने आगामी विधानसभा चुनावों को पश्चिम बंगाल की पहचान और भविष्य की रक्षा की लड़ाई बताया। उन्होंने भाजपा के सत्ता में आने पर पारदर्शी प्रशासन का वादा करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और कुप्रशासन के आरोप लगाए।
पुरुलिया और बांकुरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने बंगाल में घुसपैठ का ज़िक्र किया और कहा कि सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर सीमाओं पर कांटेदार तार की बाड़ लगाने के लिए ज़मीनें आवंटित की जाएंगी। साथ ही उन्होंने राज्य के किसानों, दिव्यांगों, बुजुर्गों और विधवाओं के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण का वादा किया।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बांकुरा, पश्चिम मिदनापुर और झाड़ग्राम में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से उन पर भरोसा जताने और टीएमसी को वोट देने का आह्वान किया। ममता बनर्जी ने कहा कि युवाओं के रोजगार का ध्यान रखा गया है। साथ ही यह भी कहा कि कर्मतीर्थ पहल के माध्यम से उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा दिया गया है।

Post a Comment