Top News

पवित्र स्नान के नाम पर यौन शोषण करता था बाबा, अशोक खरात के बाद नासिक में एक और ढोंगी गिरफ्तारAfter Ashok Kharat, another impostor arrested in Nashik for sexually exploiting people in the name of holy bath.

 

महाराष्ट्र के नासिक में धर्म और आस्था के नाम पर मासूम लोगों को ठगने वाले 'बाबाओं' का मायाजाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अशोक खरात मामले की आग बूझी भी नहीं थी कि एक और ताजा मामला लासलगांव क्षेत्र से सामने आ गया। दरअसल, यहां पर खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाले महेश गिरी पर एक महिला ने बलात्कार और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और जादू-टोना विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी महेश गिरी निफाड तालुका के धरंगांव स्थित 'प्रति गंगापुर' नामक मठ में अपना दरबार लगाता था। वह यहां आने वाले लोगों को उनके परिवार पर 'भारी संकट' होने का डर दिखाता था। पीड़ित महिला को भी उसने इसी तरह अपने जाल में फंसाया। आरोपी ने पहले महिला को पवित्र तालाब में स्नान करने और पेड़ की परिक्रमा जैसे कर्मकांडों में उलझाया ताकि उसका विश्वास जीता जा सके।

धार्मिक अनुष्ठान के बहाने लॉज में दरिंदगी

मिली जानकारी के मुताबिक, विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर लिया और उसे अश्लील मैसेज भेजने लगा। उसने महिला को डराया कि यदि उसने उसकी बातें नहीं मानी, तो उस पर भगवान का प्रकोप होगा और उसका परिवार बर्बाद हो जाएगा। इसी डर का फायदा उठाकर वह महिला को नासिक-त्रिंबक रोड स्थित एक लॉज में ले गया, जहां धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर उसका यौन शोषण किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

ANIS की मदद से फूटा भांडा

लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक शोषण झेलने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (ANIS) के पदाधिकारियों से संपर्क किया। समिति की मदद से मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद लासलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

जांच के घेरे में 'मठ' और अन्य शिकार

पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी महेश गिरी ने इसी तरह कई अन्य महिलाओं को भी अपनी हवस का शिकार बनाया होगा। फिलहाल पुलिस उसके मठ और अन्य गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। नासिक में एक के बाद एक बाबाओं के असली चेहरे सामने आने से समाज में भारी आक्रोश है।

Post a Comment

Previous Post Next Post