भिंड। शहर के भारौली रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब एमपी सरकार में पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त और बीज निगम के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार कुशवाहा को बकायादारों ने घेर लिया। करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम में लोगों ने उनसे अपने बकाया पैसे लौटाने की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
शादी समारोह में पहुंचे थे डॉ. कुशवाहा
जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल की रात करीब 9 बजे डॉ. कुशवाहा शादी समारोह में पहुंचे थे। उनके कार्यक्रम में आने की जानकारी पहले से ही कार्ड के माध्यम से क्षेत्र में फैल चुकी थी। इसी दौरान शहर और आसपास के गांवों से दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष वहां पहुंच गए और उन्होंने नेता को घेर लिया।डॉ. कुशवाहा ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ का आक्रोश बढ़ता गया।
चार घंटे तक चला घटनाक्रम
करीब रात 12 बजे के बाद जब वे कार्यक्रम से निकलने लगे तो लोगों ने उन्हें जाने नहीं दिया। खुद को घिरा देख उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम और देहात थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बकायादार पुलिस के सामने भी अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए डॉ. कुशवाहा को थाने ले जाना उचित समझा।

Post a Comment