इन्दौर - सौधर्म बृहतपोगच्छीय त्रिस्तुतिक पाट परम्परा के वर्तमान गच्छाधिपति, पुण्य सम्राट के पट्टधर, धर्म दिवाकर, हृदय सम्राट आचार्य देवेश श्रीमद्विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. का आगामी 2026 का चातुर्मास मां अहिल्या की पावनकारी धर्म नगरी इन्दौर में त्रिस्तुतिक श्रीसंघ एवं ट्रस्ट मंडल के तत्वावधान में सम्पन्न होगा । सर्वविदित है कि पुण्य सम्राट की तरह वर्तमान गच्छाधिपति द्वारा भी चातुर्मास की घोषणा चैत्र सुदी पूर्णिमा को ही देशभर के सैकड़ों श्रीसंघों एवं हजारों की जनमेदनी के बीच की जाती है ।
इस कड़ी में गुरुवार को विश्व पूज्य गुरुदेव श्रीमद्विजय राजेन्द्र सूरीश्वरजी म.सा. की निर्वाण भूमि मोहनखेड़ा तीर्थ के जयंतसेन म्यूजियम में अनेक श्रीसंघों ने अपने-अपने श्रीसंघ में चातुर्मास करवाने हेतु विनती की, जिसमें इन्दौर श्रीसंघ द्वारा भी ट्रस्ट अध्यक्ष धनराज संघवी के नैतृत्व में भावपूर्ण विनती की गई । तत्पश्चात गच्छाधिपति ने सभी श्रीसंघों की विनती के प्रत्युत्तर में कहा कि आप सबकी भावना को ध्यान में रखते हुए हुए में मालवा के केन्द्र इन्दौर में आगामी चातुर्मास की घोषणा करता हूं जिससे पूरा मालवा एवं निमाड़ लाभान्वित होगा ।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सन् 2000 में पुण्य सम्राट श्रीमद्विजय जयंतसेन सूरीश्वरजी म.सा. का चातुर्मास इन्दौर में हुआ था और अब 25 वर्षों बाद पुनः एक एतिहासिक चातुर्मास करवाने का लाभ इन्दौर श्रीसंघ को प्राप्त हुआ जिससे पूरे समाज में खूशी की लहर दौड़ गई । आयोजन में मध्यप्रदेश शासन के केबीनेट मंत्री माननीय चेतन कश्यप एवं बड़नगर के विधायक जितेन्द्र पण्डया भी पूरे समय उपस्थित रहे । इस अवसर पर इन्दौर से श्रीसंघ एवं परिषद् परिवार के सैंकड़ों गुरूभक्त विनती के लिए मोहनखेड़ा पहुंचे थे । उक्त आशय की जानकारी श्रीसंघ सचिव महेंद्र जैन बागवाला एवं परिषद् के निवृत्तमान अध्यक्ष *जैन नरेंद्र राठौर* द्वारा दी गई ।

Post a Comment