उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग ने ऐसा तांडव मचाया कि करीब 200 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
आग रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड से शुरू हुई और तेज हवाओं के चलते तेजी से झुग्गियों में फैल गई। कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए और आसमान में उठता धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आग इतनी भयानक थी कि कई छोटे गैस सिलेंडरों में धमाके भी हुए, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग के कारण आसपास के होटल और ऑटोमोबाइल शोरूम वाले इलाके में भी दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी नुकसान जरूर हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं और आग लगने के कारणों की जांच के आदेश भी दिए हैं।
मौके पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है और एंबुलेंस तैनात की गई हैं।
प्रशासन के मुताबिक, आग की वजह से कई परिवार बिछड़ गए हैं और लापता लोगों को तलाशने का काम जारी है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

Post a Comment