Top News

महाकाल की नगरी में डमरु बजाकर सीएम ने शुरू की सिंहस्थ की पहली रोड, 18 करोड़ की लागत से तैयारIn the City of Mahakal, the CM inaugurated the first road for the Simhastha festival by sounding the *damru*; constructed at a cost of ₹18 crore.

 


उज्जैन शैलेंद्र सिंह कुशवाहा

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं. रविवार रात करीब 10 बजे उज्जैन प्रवास के दौरान सीएम मोहन यादव ने सिंहस्थ की पहली सड़क का उद्घाटन किया. लगभग 18 करोड़ रु की लागत से बनी ये सड़क कोठी रोड स्थित प्रशासनिक परिसर से शुरू होकर देवास रोड और विक्रम नगर तक जाती है.


महाकाल की नगरी में लगातार विकास कार्य जारी

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने उद्घाटन के बाद सड़क पर पैदल चलकर विकास कार्यों का अवलोकन किया और स्थानीय लोगों से चर्चा की. इस अवसर पर सीएम यादव ने कहा, "सिंहस्‍थ महापर्व 2028 के अंतर्गत शहर में निरंतर विकास के कार्य किए जा रहे हैं. शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में आज एक और सौगात शहरवासियों को प्राप्‍त हुई है."

मार्ग पर आकर्षक लाइटिंग और पौधारोपण बना आकर्षण का केंद्र

उल्‍लेखनीय है कि उक्‍त विकास कार्य नगर निगम द्वारा किया गया है. लगभग 2 किलोमीटर लंबा यह मार्ग देवास रोड़ से कोठी लिंक रोड़ होता हुआ विक्रम नगर तक जाता है. मार्ग पर आकर्षक लाइटिंग और पौधारोपण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. मार्ग के बीच में और दोनों ओर पौधारोपण और आकर्षक विद्युत साज सज्‍जा की गई है. साथ ही मार्ग के दोनों तरफ सुबह और शाम की पैदल सैर करने के लिए पेवर ब्‍लाक भी बनाए गए हैं. इससे सौंदर्यीकरण के साथ-साथ यातायात भी सुगम, सुरक्षि‍त और व्‍यवस्थित होगा.

प्रमुख स्थानों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

यह सड़क कलेक्टर कार्यालय, जिला न्यायालय और सिंहस्थ मेला कार्यालय को सीधे जोड़ती है. इस मार्ग से जिला न्‍यायालय परिसर, कमिश्नर कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय और सिंहस्थ मेला कार्यालय सहित अन्य प्रमुख कार्यालयों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा, जिससे आमजन को सुविधा होगी. मार्ग में प्रभावी जल निकासी की व्‍यवस्‍था भी की गई है.

Post a Comment

Previous Post Next Post