श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने रविवार को द्वीप राष्ट्र में ईंधन आपूर्ति में आई बाधाओं को दूर करने के लिए तेल की खेप भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के स्थानीय संचालन, लंका आईओसी के माध्यम से आपातकालीन सहायता के रूप में 20,000 मीट्रिक टन डीजल और 18,000 मीट्रिक टन पेट्रोल सहित 38,000 मीट्रिक टन ईंधन की खेप शनिवार को कोलंबो पहुंची।
दिसानायके ने एक पोस्ट में कहा, "कुछ दिन पहले मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण श्रीलंका में ईंधन आपूर्ति में आई बाधाओं के बारे में बात की थी। भारत की त्वरित सहायता के लिए आभारी हूं। 38,000 मीट्रिक टन ईंधन कोलंबो पहुंच गया है।"
भारत की मदद से गदगद हुआ श्रीलंका
वहीं, एएनआई के अनुसार श्रीलंका के उप विदेश मंत्री अरुण हेमचंद्र ने कहा कि यह सहायता ऐसे नाजुक समय में मिली है, जब पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं तनावपूर्ण बनी हुई हैं। इस तरह का सहयोग दोनों पड़ोसी देशों के बीच गहरे संबंधों और जरूरत के समय तुरंत प्रतिक्रिया देने की क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के इस दौर में श्रीलंका को ईंधन की आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा दिए गए समयोचित समर्थन के लिए हम उनकी सराहना करते हैं। श्रीलंका के नेतृत्व ने क्षेत्र में भारत की भूमिका के व्यापक महत्व पर भी जोर दिया।

Post a Comment